थाना क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव निवासी एक ई-रिक्शा चालक को तीन युवकों ने शीतल पेय में नशीला पदार्थ पिलाकर लूट लिया। आरोपी चालक से ई-रिक्शा, मोबाइल और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेहवड़ कलां निवासी साकिब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार को तीन युवक उसके ई-रिक्शा में सवार हुए। पहले वे दरगाहों पर जियारत करने गए और फिर घूमने के बहाने उसे बावन दर्रा ले गए। वहां पर आरोपियों ने उसे शीतल पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।
साकिब के बेहोश होते ही तीनों युवक उसका ई-रिक्शा, मोबाइल फोन और करीब दो हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। होश में आने के बाद साकिब ने आरोपियों की तलाश की लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।