पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से 8.40 लाख रुपये पकड़े हैं। जिसमें 5.90 लाख रुपये झबरेड़ा में पकड़े गए हैं। जबकि 2.50 लाख रुपये रुड़की में पकड़े गए हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के लखनौता चौराहे पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से 5.90 लाख रुपये बरामद किए। कार में दो लोग सवार थे। दोनों का नाम सईद है और दोनों ही मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र के बसेड़ा गांव के रहने वाले हैं। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह रावत ने बताया कि पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि वह गुड़ का कारोबार करते हैं। यह पेमेंट गुड़ के कारोबार का है। वह गुड़ खरीदने के लिए यह रकम चर्खी वालों को देने जा रहे थे। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह रावत ने बताया कि युवकों की बातों में कितनी सच्चाई है। इस बात की जांच की जा रही है। वहीं बुधवार सुबह सोलानी पुल के समीप चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक से ढाई लाख रुपये बरामद किए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि जिस युवक से ढाई लाख रुपये बरामद हुए थे। वह एक पेट्रोल पंप पर काम करता है। कैश जमा कराने के लिए वह जा रहा था। उसके पास से बाउचर भी मिल गए हैं। जिसके चलते पेट्रोल पंप कर्मी को छोड़ दिया गया है।