बुआ ने नाबालिग भतीजी का रिश्ता अधेड़ से कर दिया। बुधवार को शादी की भी तैयारी हो गई थी। ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस से पहले ही दूल्हा मंडप से फरार हो गया। किशोरी की मां का आरोप है कि बुआ ने दो लाख रुपये में शादी तय की थी। पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
संभलहेड़ा (जानसठ , मुजफ्फरनगर) निवासी किशोरी की बुआ लिब्बरहेड़ी (मंगलौर क्षेत्र) में रहती है। किशोरी के पिता ने दूसरी शादी की हुई है। ऐसे में उसकी बुआ ने उसकी अच्छी जगह शादी कराने का झांसा दिया और उसे अपने साथ लिब्बरहेड़ी ले आई। यहां उसकी शादी सहारनपुर निवासी एक 52 साल के अधेड़ से तय कर दी। आरोप है कि इसके एवज में बुआ ने दो लाख रुपये भी ले लिए। बुधवार को दोनों की शादी की तैयारी चल रही थी। तभी बेमेल रिश्ते को देखकर आसपास के लोगों ने आपत्ति जता दी। साथ ही किशोरी और उसके परिजनों से भी बातचीत की।
किशोरी की ओर से शादी से असहमति जताई तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस के आने से पहले दूल्हा मंडप से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बुआ और किशोरी के अन्य परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार किशोरी की मां ने आरोपी बुआ पर दो लाख रुपये में बेटी का सौदा करने का आरोप लगाया है। एसआई सतेंद्र धामा के अनुसार पूछताछ में परिजनों ने आपस में समझौते की बात कहते हुए पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी बुआ ने अपने किए के लिए माफी मांगते हुए नाबालिग की शादी नहीं करने का भरोसा दिया है। इस संबंध में उसने पुलिस को लिखित रूप में आश्वस्त कराया है।