मुंडाखेड़ा कलां गांव में रंजिश के कारण तीन युवक एक ग्रामीण के घर में घुस आए। आरोप है कि एक युवक ने ग्रामीण पर तमंचे से गोली चला दी। वह बाल -बाल बच गया। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
लक्सर कोतवाली के मुंडाखेड़ा कलां गांव निवासी प्रेम सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 15 मई को गांव के ही तीन युवकों ने बाइक से टक्कर मारने के बाद उनके ऊपर तमंचा तानकर गोली चलाने का प्रयास किया था। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद से आरोपी युवक उनसे रंजिश रखे हैं। उनके ऊपर प्राथमिकी वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
प्रेम सिंह के अनुसार सोमवार शाम को वह अपने घर में मौजूद थे। इस दौरान तीनों युवक उनके घर में घुस आए और उन्हें दर्ज कराया गया केस वापस लेने के लिए धमकाने लगे। उन्होंने केस वापस लेने से इन्कार किया तो एक युवक ने तमंचा निकालकर उनके ऊपर गोली चला दी। वह गोली लगने से बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। इसपर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। ग्रामीण ने पुलिस से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।