चर्चित वेबसीरिज मिर्जापुर के कालीन भैया की तर्ज पर उत्तराखंड में अफीम की तस्करी चलाने वाले उत्तर प्रदेश के डाॅक्टर को लक्सर कोतवाली पुलिस ने बदायूं से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बीते साल अक्तूबर माह में अफीम रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो पैडलर्स को 341 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस की पूछताछ में नाम सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया था। एक वर्ष से लक्सर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि बीते साल दो ड्रग पैडलर्स की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद के बिनावर थाना क्षेत्र निवासी आरोपी धर्मेंद्र का नाम सामने आया था। पकड़े गए आरोपियों ने बताया था कि डाॅक्टर की दुकान चलाने वाले धर्मेंद्र ने उन्हें अफीम की खेप दी थी। इसे उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में बेचा जाना था।
प्राथमिकी में धर्मेंद्र का नाम भी शामिल करते हुए उसके ठिकानों पर दबिश दी गई थी लेकिन वह फरार हो गया था। बीते करीब एक वर्ष से वह ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। इंस्पेक्टर के निर्देशन में पुलिस टीम उसके नजदीकियों की निगरानी करते हुए उसकी जानकारी जुटा रही थी। इस दौरान आरोपी के संबंध में कुछ सूचनाएं पुलिस को मिली। कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बदायूं में एक ठिकाने पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।