जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रुड़की की पुरानी बिल्डिंग में 50 लाख रुपये की लागत से भवन के मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। लंबे समय से भवन के कई हिस्सों में मरम्मत की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसके बाद विभाग की ओर से इसके जीर्णोंद्धार की योजना तैयार की गई। अब भवन की दीवारों, कमरों और बाहरी हिस्सों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है।
कार्यदायी संस्था मंडी समिति की ओर से जारी कार्य के तहत भवन की दीवारों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, प्लास्टर सुधार, खिड़की-दरवाजों की देखरेख और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही भवन की बाहरी दीवारों पर शैक्षिक, सांस्कृतिक विषयों से जुड़ी आकृतियां उकेरी गई हैं। इन चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और भारतीय संस्कृति का संदेश भी दिया गया।
संस्थान प्रशासन का कहना है कि सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद डायट भवन की पहचान और अधिक आकर्षक होगी। यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने आने वाले शिक्षकों और प्रशिक्षुओं एवं अन्य लोगों को बेहतर वातावरण मिलेगा। भवन के अंदर और बाहर की साज-सज्जा से परिसर की सुंदरता में भी बेहतर वृद्धि होगी। कार्यदायी संस्था से जुड़े कर्मचारी जान आलम ने बताया कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा कर लिया जाएगा। वहीं डायट शिक्षकों ने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद डायट का पुराना भवन आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा।