मंगलौर। शहर के रोडवेज बस स्टैंड के सामने आए दिन हो रहे हादसों को देखते हुए नगर पालिकाध्यक्ष मो. मोहियुद्दीन अंसारी ने रोष जताया है। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक को पत्र लिखकर बस स्टैंड के सामने सड़क के दोनों ओर रेड लाइट लगाने की मांग की है।
पालिकाध्यक्ष ने पत्र में कहा कि मंगलौर शहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। रोडवेज बस स्टैंड के पास हमेशा भारी भीड़ रहती है जिसके कारण सड़क पार करने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए स्थिति खतरनाक बनी रहती है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं जिससे जनहानि का खतरा बना हुआ है। पालिकाध्यक्ष ने एनएचएआई प्रशासन से अनुरोध किया कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बस स्टैंड के पास सड़क के दोनों ओर जल्द से जल्द रेड लाइट लगवाई जाए।