रुड़की। लंबे समय से लेट हो रही ट्रेनों का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। दर्जन भर ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से पहुंची। इनमें जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन 18 घंटे की देरी से पहुंची है। ट्रेनों के देरी से आने के चलते यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
रविवार को रुड़की रेलवे स्टेशन पर जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन का पहुंचने का समय सुबह सात बजे का है। स्टेशन के नोटिस बोर्ड के मुताबिक यह ट्रेन 18 घंटे देरी से चल रही थी। वहीं जम्मूतवी गोरखपुर एक्सप्रेस निर्धारित समय से 17 घंटे देरी से चल रही थी। इसके अलावा अमृतसर हावडा नौ घंटे, गंगानगर हरिद्वार दो घंटे, लखनऊ सहारनपुर चार घंटे, देहरादून सहारनपुर पैसेंजर एक घंटे, लखनऊ चंडीगढ़ एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसके चलते यात्रियों को भारी मुसीबत उठानी पड़ी। रेलवे अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकतर ट्रेनें पंजाब में डिरेल हुई ट्रेन की घटना के चलते ट्रेनें विलंब से पहुंच रही हैं। सोमवार से ट्रेनों का यातायात सुचारू होने की उम्मीद जताई जा रही है।