पिरान कलियर (रुड़की)। कलियर क्षेत्र में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं, शव की शिनाख्त होने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार, जिला सहारनपुर के गांव कपासा निवासी सन्नी (25) पुत्र नेकीराम की कलियर थाना क्षेत्र के गांव दरियापुर में ननिहाल है। सन्नी अपनी ननिहाल में ही रहकर डीजे कारोबारी की गाड़ी चलाता था। उसने ननिहाल के गांव की ही एक युवती से कोर्ट मैरिज की थी और पत्नी के साथ अपने गांव में रह रहा था। शादी के दो महीने बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी और वापस नहीं लौटी थी। 24 सितंबर को सन्नी पत्नी को लेने निकला था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। उन्होंने नागल थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उधर, सोमवार सुबह सन्नी का शव दरियापुर के जंगल में पेड़ पर रस्सी से लटका हुआ मिला। जंगल में काम करने के लिए गए लोगों ने उसे पहचान लिया और सूचना मामा को दी।
सूचना मिलते ही एसओ जगमोहन रमोला पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस ने शव नीचे उतारने का प्रयास किया तो मृतक के मामा ने विरोध किया। कुछ ही देर में मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और सन्नी के ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने हत्या कर शव पेड़ से लटकाया है। पुलिस के समझाने के बाद परिजन शव को पेड़ से नीचे उतरवाने के लिए तैयार हुए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया। एसओ जगमोहन रमोला ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--
ससुरालियों से की पूछताछ
पुलिस मृतक सन्नी के ससुरालियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसकी पत्नी से भी जानकारी ले रही है। वहीं, मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि सन्नी 24 सितंबर को अपनी ससुराल आया था या नहीं। उसके साथ घर से कोई और शख्स निकला था या नहीं।