धर्मपुर-सिकंदरपुर मार्ग पर सोलानी नदी के पानी की निकासी के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से डेढ़ लाख रुपये की लागत से एक पुलिया का निर्माण करा दिया गया है। इसके साथ ही दो अन्य पुलिया के निर्माण के लिए विभाग ने प्रस्ताव जिला मुख्यालय भेजा है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद विभाग की ओर से जल्द ही दोनों पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद मार्ग की मरम्मत का काम भी कराया जाएगा।
लक्सर-खानपुर हाईवे से धर्मपुर तिराहे से निकलने वाला मार्ग सहीपुर, सिकंदरपुर खुर्द, सिकंदरपुर कला, याहियापुर, अब्दीपुर होते हुए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी विकासखंड क्षेत्र तक जाता है। बरसात के दौरान सोलानी नदी के पानी से धर्मपुर के पास करीब दो मीटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था।
इससे सहीपुर, सिकंदरपुर खुर्द, सिकंदरपुर कला, अब्दीपुर और याहियापुर समेत कई गांवों का तहसील व ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने लक्सर लोक निर्माण विभाग से मार्ग की मरम्मत और पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की थी। विभाग ने पुलिया निर्माण के लिए जिला मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा था।
स्वीकृति मिलने के बाद विभाग ने ह्यूम पाइप डालकर करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत से एक कच्ची पुलिया का निर्माण करा दिया। ग्रामीणों ने मार्ग पर दो और पुलिया बनवाने की मांग की थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने दोनों पुलियाओं के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर जिला मुख्यालय भेज दिया है।
लक्सर लोक निर्माण विभाग के जेई आलोक ने बताया कि एक पुलिया का करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत से निर्माण कराया गया है। दो अन्य पुलियाओं के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही पुलियाओं का निर्माण कराने के साथ मार्ग की मरम्मत भी कराई जाएगी।