शहर से रेल लाइन पार के एक गांव की विवाहिता ने अपने जेठ पर डरा धमकाकर दुराचार करने का आरोप लगाया है। विवाहिता का पति गन्ने के कोल्हू पर काम करने यूपी के एक शहर में गया था। बुधवार को पीड़िता ने पति के साथ कोतवाली सिविल लाइंस पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस जांच में जुट गई है।
शहर के करीबी एक गांव का युवक गन्ने के कोल्हू पर काम करता है। उसकी पत्नी व तीन बच्चे गांव में ही रहते हैं। पत्नी का आरोप है कि दो दिन पहले उसका जेठ घर में घुस आया और डरा धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इसके बाद पीड़िता ने अपने पति को फोन पर आपबीती बताई। आरोप है कि पति के ट्रेन से रुड़की के लिए रवाना होने के दौरान जेठ को इसकी भनक लग गई और उसने लक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचकर उसे बेहोश कर दिया। बेहोशी की हालत में मिलने पर उसका लक्सर में ही इलाज कराया गया।
बुधवार की सुबह पति-पत्नी मुकदमा दर्ज कराने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।