मंगलौर। मारपीट के बाद पुलिस चौकी पहुंचे दो पक्षों के लोगों ने बृहस्पतिवार रात पुलिस के सामने ही हंगामा शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने लाठियां फटकार कर दोनों पक्षों शांत कराया। शुक्रवार की सुबह एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को काबू किया। दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।
मोहल्ला पठानपुरा में बृहस्पतिवार की रात किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक को पीट दिया। पीड़ित युवक ने अपने घर जाकर इसकी जानकारी दी तो उसके पक्ष के लोग भी एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो झगड़ा कर रहे लोग तितर बितर हो गए। मारपीट की शिकायत करने पुलिस चौकी पहुंचे एक पक्ष के लोग अभी वहां मौजूद कोतवाल को घटना की जानकारी दे रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के कई लोग वहां आ गए । दोनों पक्षों में चौकी में ही कहासुनी होने लगी। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर एक पक्ष को वहां से खदेड़ दिया। बाद में एक पक्ष की महिलाओं ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। कोतवाल उत्तम सिंह और एसआई नवीन जुराल ने समझा बुझाकर महिलाओं को शांत किया। शुक्रवार की सुबह एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच पथराव हुुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। बाद में एक पक्ष के रईस की तहरीर पर पुलिस ने राजू, कासिफ, आसिफ, रवीश, रियासत व जफर के खिलाफ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कर लिया। दूसरी तरफ से रवीश की तहरीर पर मोहम्मद, अमीर, रईस व हसन के खिलाफ मारपीट व महिलाओं से अभद्रता करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी देहात के अनुसार मारपीट के दौरान लाइसेंसी हथियार भी लहराये जाने की शिकायत मिली है। जांच में यह बात सही निकली तो लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।