दो कारों की आमने-सामने की भिड़ंत में शहर के एक जाने-माने व्यापारी की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के दो सदस्यों सहित पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटना भगवानपुर-गागलहेड़ी मार्ग पर सिकंदरपुर भैंसवाल गांव में हुई।
रुड़की सिविल लाइंस निवासी इकबाल सिंह दुआ शहर के जाने-माने व्यापारी थे। उनकी साइकिल की बड़ी दुकान है, जबकि भाई की मोबाइल शाप है। शुक्रवार की सुबह वह अपनी पत्नी अमरजीत और पिता हरमीत के साथ सेंट्रो कार से पटियाला किसी परिजन की शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
तभी भगवानपुर-गागलहेड़ी मार्ग पर सिकंदरपुर भैंसवाल गांव के पास सामने से आ रही बैगनआर कार से उनकी टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि मौके पर ही इकबाल सिंह दुआ की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अमरजीत और पिता हरमीत गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं बैगनआर में सवार रहीश, तब्बसुम और जहद भी घायल हो गए। यह तीनों ही कांधला शामली के निवासी थे और रुड़की की ओर आ रहे थे। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार इकबाल सिंह दुआ की पत्नी अमरजीत की हालत नाजुक बनी हुई है और दून के सीएमआई अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है, जबकि पिता हरमीत हरिद्वार के मेट्रो अस्पताल में भर्ती हैं। दुर्घटना में मौत की खबर सुनकर सुबह से इकबाल सिंह दुआ की खबर पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।