रुड़की। मोबाइल पर कॉल आने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए युवक का शव गंगनहर के मोहम्मदपुर झाल से मिल गया। शुरू से अनहोनी का शक जता रहे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है जबकि पुलिस इसे खुदकुशी का मामला मान रही है। शव मिलने पर युवक की गुमशुदगी की गुत्थी और उलझ गई है।
सालियर गांव निवासी फूल सिंह का बेटा गौतम दो जनवरी को दोस्त से मिलने के लिए जाने की बात कहकर घर से निकला था। अगले दिन सोलानी पार्क से उसकी बाइक व कोट बरामद हुआ। परिजनों ने लापता होने के पीछे भगवानपुर और सिरचंदी के दो दोस्तों और धीर मजरा की एक युवती पर शक जताया था। तीनों से पूछताछ भी की गई, मगर कुछ पता नहीं चल पाया। अब युवक का शव मोहम्मदपुर झाल से बरामद हुआ। परिजनों के मुताबिक शरीर पर मारपीट के निशान मिले हैं जिससे उसे पीटकर हत्या करने की आशंका है। वहीं पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही है। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो पाएगा। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला नजर आ रहा है।