रुड़की। चोरों ने एक बार फिर रामनगर कालोनी में एक गोदाम को निशाना बनाया है। चोरों ने शनिवार की रात जैक से एक इलेक्ट्रानिक गोदाम का शटर उखाड़कर चार वाशिंग मशीन लगे गए। सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर नाराजगी जताई।
शहर में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि कोतवाली और पुलिस चौकी के आसपास ही चोरियों को अंजाम दे रहे हैं। शनिवार को चोरों ने रामनगर में राजेंद्र पाहुजा के इलेक्ट्रानिक गोदाम का जैक लगाकर शटर उठाया और चार वाशिंग मशीन चोरी कर ली। सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर राजेंद्र पाहुजा ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद रामनगर के व्यापारी कोतवाली गंगनहर पहुंचे और लगातार हो रही चोरियों पर नाराजगी जताई। चोरी की घटना की लिखित तहरीर भी पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने जल्द खुलासों का भरोसा दिलाया।