खानपुर/लक्सर। अंबेडकर मूर्ति को लेकर बवाल में जेल गए बहू-बेटे के घर लौटने पर बृहस्पतिवार को नौरती देवी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बुजुर्ग की मौत से गांव में मातम सा माहौल रहा। वहीं गांव में तनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार को भी फोर्स तैनात रही।
लक्सर गांव में एक जमीन पर रातों रात अंबेडकर मूर्ति रखने के बाद जमकर बवाल हुआ था। पथराव और लाठीचार्ज में कई ग्रामीण व पुलिसकर्मी चोटिल हुए। मामले में लक्सर नगर पंचायत की ओर से सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज करते हुए 30 महिला पुरुषों को जेल भेज दिया गया था। बवाल में पत्नी सीता सहित जेल गए राम सिंह की मां नौरती का बुधवार को देहांत हो गया था।
ग्रामीणों ने बुधवार देर रात राम सिंह की रिहाई को लेकर रुड़की जेल के बाहर हंगामा भी किया था। लेकिन, रिहाई का आदेश जेल नहीं पहुंचने के कारण बुधवार को रिहाई नहीं हो पाई थी। बृहस्पतिवार को जमानत पर छूटकर राम सिंह व सीता जेल से घर पहुंचे। गमगीन माहौल में नौरती देवी का अंतिम संस्कार किया गया। बुजुर्ग महिला की मौत होने से गांव में मातम पसरा रहा। गांव में स्थिति सामान्य है, बावजूद ऐतिहात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।