ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। बीती 10 अप्रैल को तहसील के अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज सिविल बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने सोमवार को कार्य बहिष्कार किया। उन्होंने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चुकी है, लेकिन अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है।
10 अप्रैल को अधिवक्ता मनोज सैनी की बाइक को नगला खिताब गांव से पहले ही मोड़ पर दो बाइकों पर सवार करीब आधा दर्जन युवकों ने रुकवा लिया था। इसके बाद उन पर जानलेवा हमला कर दिया। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। मामले में पुलिस की धीमी कार्रवाई से नाराज सिविल बार एसोसिएशन से जुड़े सदस्यों ने सोमवार को कार्य बहिष्कार किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप सिंह पुंडीर ने कहा कि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस आरोपियों की पहचान नहीं कर सकी है। इससे अधिवक्ताओं में रोष है। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। उधर, कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।