ब्यूरो/,अमर उजाला, रुड़की। ठग ने खुद को फौजी बताकर ओएलक्स पर कार बेचने के बहाने रुड़की में तैनात एक फौजी से लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित फौजी ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हरियाणा निवासी ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। साथ ही जिस नंबर से कॉल आई थी, उसकी आईडी भी निकाली जा रही है।
हर्ष कुमार पुत्र दीनार सिंह की वर्तमान में रुड़की बीईजी में तैनाती है। 13 फरवरी को उन्होंने ओएलएक्स पर एक कार देखी थी। कार बेचने वाले ने ओएलएक्स पर कार की फोटो के साथ अपना मोबाइल नंबर भी डाला था। कार पसंद आने पर हर्ष ने उसके मोबाइल पर कॉल की और कार की कीमत पता की। इस पर कार बेचने वाले ने कार की कीमत बताई। बातचीत के बाद 1.20 लाख रुपये में कार का सौदा तय हो गया। साथ ही विश्वास में लेने के लिए कार बेचने वाले ने हर्ष को खुद भी फौजी बताया और उसे आई कार्ड की फोटो भी व्हाट्सएप पर भेजी। विश्वास में लेने हुए उसने हर्ष से कार उसके पते पर भेजने का आश्वासन दिया। इस बीच उसने हर्ष से अपने खाते में रकम ट्रांसफर करने की बात कही। विक्रेता के कहने पर हर्ष ने उसके खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। निर्धारित समय पर कार रुड़की नहीं पहुंची तो उसने उसके मोबाइल पर कॉल की तो नंबर बंद आया। कई बार कॉल करने के बाद भी नंबर बंद मिला। पीड़ित हर्ष रकम वापसी के लिए इधर-उधर भागदौड़ करता रहा, लेकिन ठग का कुछ पता नहीं चल पाया। करीब दो माह बाद हर्ष ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जय किशन निवासी रेवाड़ी, हरियाणा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही जिस नंबर से कॉल आई थी, उसकी आईडी की जांच कराई जा रही है।