ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
सर्राफ की दुकान पर आभूषण खरीदने आया व्यक्ति मंगलसूत्र चोरी कर चलता बना। ग्राहक के चले जाने के बाद सुनार को शक हुआ। उसने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो व्यक्ति मंगलसूत्र चुराते हुए नजर आया। सुनार ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सहारनपुर निवासी रामकुमार ने मेन बाजार में सर्राफा की दुकान खोल हुई है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम एक व्यक्ति दुकान पर आभूषण खरीदने आया था। उसने अपनी पुत्रवधू के लिए मंगलसूत्र दिखाने को कहा तो उन्होंने ग्राहक के सामने अलग-अलग तरह के मंगलसूत्र रख दिए। इसके बाद वह दूसरे ग्राहकों को जेवर दिखाने लगे। इसी बीच मौका देखकर पहले ग्राहक ने दो तोले का मंगलसूत्र चोरी कर लिया और गहने एक दो दिन बाद लेकर चले जाने की बात कहते हुए चला गया। सभी ग्राहकों के चले जाने के बाद रामकुमार को एक मंगलसूत्र कम होने का शक हुआ। उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो एक व्यक्ति मंगलसूत्र चोरी करते हुए नजर आया। उन्होंने कुछ दुकानदारों के साथ उक्त व्यक्ति की कस्बे में तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। बाद में दुकान स्वामी ने कोतवाली पुलिस को चोरी की तहरीर दी। पुलिस ने दुकान पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।