ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
मंगेतर के मिलने से इनकार करने पर आहत होकर एक युवक ससुराल में छत से कूद गया। इससे उसके दोनों पैरों की हड्डी टूट गई। परिजनों ने उसके लक्सर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने पिछले दिनों अपनी बेटी का रिश्ता उत्तर प्रदेश के बिजनौर के एक गांव में तय किया था। कुछ दिनों पहले दोनों की मंगनी भी हो गई। सोमवार को युवक अपनी मंगेतर से मिलने उसके गांव पहुंचा। घर का दरवाजा बंद होने पर वह दीवार पर चढ़ गया और मंगेतर से दरवाजा खोलने की बात कही, लेकिन मंगेतर ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। इससे आहत युवक मकान की छत पर चढ़ गया। उसकी मंगेतर ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। उन्होंने युवक को नीचे उतरने को कहा, लेकिन इसी बीच युवक ने छलांग लगा दी। इससे उसके दोनों पैरों की हड्डी टूट गई। घटना की सूचना युवती के परिजनों ने युवक के परिजनों को दी तो वे भी मौके पर पहुंच गए और उसे लक्सर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।