ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। निजी बैंककर्मी से हथियारों के बल पर लूटपाट करने वाले तीसरे आरोपी को भी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले के दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
यूपी के सहारनपुर स्थित बिहारीगंज थाना क्षेत्र के खुशालीपुर गांव निवासी आदर्श सैनी लक्सर कस्बे के गोवर्धनपुर रोड मोहल्ले में एक बैंक शाखा में कर्मचारी हैं। उनका ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को दिए गए ऋण का वसूली का काम है। एक मार्च को वह लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मखियाली कला गांव में महिलाओं से ऋण की वसूली करने गए थे। बाइक से लौटते वक्त रास्ते में बदमाशों ने तमंचे के बल पर नब्बे हजार रुपये, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूट लिया था। कोतवाली पुलिस ने तीन दिन पहले रुड़की में घटना का खुलासा कर दिया था, जिसमें पुलिस ने अर्जुन पुत्र विनोद निवासी महेश्वरा थाना खानपुर सूरज पाल उर्फ सूरज निवासी मखियाली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से 89 हजार 500 रुपये और अन्य कागजात बरामद कर लिए थे। कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामले के तीसरे आरोपी विकास उर्फ विक्की पुत्र मुल्कीराज निवासी जियोपोता थाना कनखल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।