अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की।
ट्रक मालिक को ड्राइवर पर विश्वास करना महंगा पड़ गया। रोड परमिट खत्म होने से एक व्यक्ति ने अपना ट्रक ड्राइवर को रखने के लिए दिया था, लेकिन ड्राइवर ने ट्रक कबाड़ी को बेच दिया। मालिक परमिट मिलने के बाद जब ट्रक लेने पहुंचा तो उसे ड्राइवर और ट्रक नहीं मिला। पुलिस में तहरीर देने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने कबाड़ी के यहां से कटे हुए ट्रक के पार्ट्स बरामद करते हुए ड्राइवर और कबाड़ी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।
कोतवाली गंगनहर में हरियाणा के गांव दुजाना करनाल निवासी सितार खान पुत्र लीलू खान ने पुलिस को तहरीर दी कि रुड़की रामपुर डांडी निवासी फिरोज आलम उसके यहां कई वर्षों से ट्रक ड्राइवर था। तीन माह पहले उसके ट्रक का परमिट खत्म होने पर उसने ड्राइवर को ट्रक अपने पास रखने के लिए दिया था। दो दिन पहले परमिट बनने के बाद अब उसे ट्रक की जरूरत थी। उसने ड्राइवर को फोन किया तो वह स्विच ऑफ था। रिश्तेदारों से संपर्क करने पर पता चला कि वहां न ड्राइवर है और ना ही ट्रक खड़ा है। पता चला कि ट्रक तो ड्राइवर ने बेच दिया है।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने ट्रक कबाड़ी को बेचना बताया। पुलिस ने चालक के बताए गए कबाड़ी की दुकान पर दबिश दी तो वहां ट्रक कटा हुआ मिला। पुलिस ने ट्रक व आरोपी कबाड़ी को कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपी कबाड़ी ने अपना नाम अब्दुल मजीद पुत्र इनाम निवासी गुलाब नगर बताया। कोतवाली प्रभारी कमल कुमार लुंठी ने बताया कि दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।