ब्यूरो/अमर उजाला, नारसन
घर में घुसकर एक युवक पर अचानक तीन लोगों ने गोली चला दी। गोली युवक के हाथ को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद तीनों अंधेरा का फायदा उठाकर फरार हो गए। परिजनों ने युवक को अस्पताल में उपचार दिलाने के बाद पुलिस को मामले की तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुधवार देर शाम रजवाहे के पास स्थित कॉलोनी में अंकुर पुत्र बबलू अपने घर में बैठे थे। इसी बीच तीन लोग घर में घुसे और युवक पर गोली चला दी। गोली अंकुर के हाथ को छूते हुए निकल गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़ पड़े। इसी बीच तीनों अंधेरा का फायदा उठाते हुए जंगल की तरफ फरार हो गए। परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मौके पर आ गए। परिजनों ने आननफानन में अंकुर को कस्बे स्थित सरकारी अस्पताल ले जाकर उपचार दिलाया। इसके बाद परिजन पुलिस चौकी पहुंचे और तहरीर दी। साथ ही बताया कि उनकी एक व्यक्ति से रंजिश चली आ रही है। युवक के परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सीओ मंगलौर डीएस रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हर बिंदु पर जांच करने के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं। जल्द ही खुलासा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।