ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार/रुड़की
एसएसपी रिधिम अग्रवाल के निर्देश पर जनपद में शराब पीकर वाहन चलाने और ओवर स्पीड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर पुलिस व सीपीयू ने एक सप्ताह में 453 वाहन चालकों के चालान काटे। एसएसपी के निर्देश पर यह अभियान 20 से शुरू हुआ था और 31 दिसंबर तक जारी रहेगा। एसएसपी ने जिले के सभी सीओ, कोतवाली प्रभारी व थानाध्यक्षों को 31 दिसंबर तक सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश हैं।
दिसंबर के अंत में सर्दी व कोहरे के प्रकोप से सड़क हादसों में इजाफा हो जाता है। इसके मद्देनजर सड़क हादसों को रोकने के लिए एसएसपी रिधिम अग्रवाल ने जिले के सभी सीओ, कोतवाली प्रभारी, थानाध्यक्षों व सीपीयू को ओवर स्पीड व शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में ओवर स्पीड व ड्रंकन इन ड्राइव के खिलाफ सघनता से अभियान चल रहा है। साथ ही नए साल को देखते हुए एसएसपी ने खासकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान गंभीरता से चलाने के निर्देश दे रखे हैं। जनपद पुलिस ने 20 से 27 दिसंबर तक ओवर स्पीड व शराब पीकर वाहन चलाने में 453 टू व फोर व्हीलर वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। यह अभियान 31 दिसंबर तक पूरे जनपद में चलेगा। एसएसपी के निर्देश पर यह अभियान रात आठ से 12 बजे चलाया जा रहा है।