ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
दाबकी कला गांव में कच्ची और देशी शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर महिलाओं ने तहसील मुख्यालय पर जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर अवैध शराब की बिक्री तत्काल बंद कराने की मांग की। एसडीम ने मामले में तत्काल कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के दाबकी महेश्वरी गांव में अर्से से कच्ची और देशी शराब की बिक्री की जा रही है। शाम ढलते ही गांव के तिराहे और चौराहों पर बिकने वाली अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से शुरू हो जाती है। इससे नाराज गांव की महिलाओं का शनिवार को गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने ग्राम प्रधान पति सतबीर चौधरी की अगुवाई में तहसील मुख्यालय पर जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि लंबे समय से उनके गांव में अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। कई बार आबकारी विभाग से भी मामले की शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना था कि शराब की बिक्री से गांव का माहौल लगातार बिगड़ रहा है। युवा पीढ़ी पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। दिनभर शराब के नशे में धुत होकर अराजक तत्व गांव की गलियों में घूमते रहते है। शिकायत करने वालों में सरला देवी, पूजा रानी, संतोष देवी, रेखा देवी, बबीता रानी, सुनीता, भगवती, आदेश, बबली, सविता, रेखा आदि शामिल थे।