भगवानपुर। रायपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में दवा गोदाम पर तैनात गार्ड के हाथ-पैर बांधकर हत्या कर दी गई। सुबह ड्यूटी बदलने पर मामले की जानकारी की जानकारी हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की सूचना मिलने पर एसपी देहात सहित कई अधिकारी भी घटना का जायजा लेने पहुंचे।
तलहेड़ी बुजुर्ग, सहारनपुर निवासी साठ वर्षीय दिनेश कुमार पिछले काफी समय से रायपुर औद्योगिक क्षेत्र में गार्ड की नौकरी करता था। शनिवार की सुबह वह ड्यूटी पर आया था। रात में दिनेश को ड्यूटी से वापस आना था, लेकिन दूसरे गार्ड के न पहुंचने पर दिनेश कुमार रात में फिर से ड्यूटी पर रुका गया। रविवार की सुबह जब एक अन्य गार्ड ड्यूटी पर पहुंचा तो गोदाम की पहली मंजिल पर दिनेश का शव पड़ा मिला। दिनेश की हालत देखकर गार्ड के पैरों-तले से जमीन खिसक गई। दिनेश की हालत देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता था कि उसकी हत्या की गई है। दिनेश के हाथ-पैर बंधे थे, वहीं उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। ड्यूटी पर पहुंचे गार्ड ने मामले की सूचना दवा गोदाम मालिक और पुलिस को दी। जिसके बाद थाना अध्यक्ष राजीव कुमार मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही सूचना पाकर एसपी देहात मणिकांत मिश्रा और रुड़की सीओ स्वपन किशोर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि गोदाम की दीवार को भी तोड़ने का प्रयास किया गया है। जिसके चलते चोरी के प्रयास के भी इंकार नहीं किया जा सकता है।