ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
मोबिल ऑयल भेजने के नाम पर महाराष्ट्र की कंपनी ने रुड़की के उद्यमी से एक लाख की ठगी कर डाली है। उद्यमी ने अपनी रकम वापस मांगी तो कंपनी लौटाने से इनकार कर रही है। उद्यमी ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित नेहरू स्टेडियम के पास अरविंद कौशिक की कंपनी है। अरविंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब दो माह पूर्व उन्होंने मोबिल ऑयल के लिए महाराष्ट्र की एक कंपनी से संपर्क किया था। कंपनी की ओर से मोबिल ऑयल का सैंपल भेजा गया था। सैंपल सही होने पर उन्होंने कंपनी को 100 पैकेट मोबिल ऑयल का ऑर्डर दे दिया था। कौशिक के अनुसार, कंपनी ने माल भेजने से पहले एडवांस में एक लाख रुपये खाते में डालने की बात कही। उन्होंने कंपनी के खाते में एक लाख रुपये डाल दिए। कंपनी की ओर से एक निर्धारित तिथि पर मॉल उनके पते पर पहुंचने की बात कही गई, लेकिन निर्धारित तिथि पर मॉल नहीं पहुंचा तो उन्होंने कंपनी के फोन नंबर पर माल नहीं भेजने की शिकायत की थी। इसके बाद भी माल नहीं भेजा गया। आरोप है कि अब कंपनी के अधिकारी फोन भी नहीं उठा रहे हैं। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।