अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। गंगनहर की पटरी पर ई-रिक्शा को ओवरटेक करते हुए एक बाइक की सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। बाइक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त होने पर कार चालक व बाइक चालक में मारपीट हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों में बीच- बचाव कराकर मामले का निपटारा कराया। हादसे में बाइक सवार युवक को मामूली चोटें भी आई हैं।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गंगनहर की पटरी पर एक बाइक सवार युवक तेजी से गणेशपुर पुल की ओर जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक सिंचाई विभाग के कार्यालय के सामने पहुंची तो युवक आगे चल रही ई-रिक्शा को तेज गति से ओवरटेक करने लगा। ओवरटेक करते समय उसकी बाइक सामने से आ रही एक कार से जा भिड़ी। बाइक की टक्कर से कार की अगली लाइट क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि बाइक का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार क्षतिग्रस्त होने से गुस्साए कार चालक ने बाइक सवार युवक के साथ गाली- गलौज कर दी। इस पर बाइक सवार कार चालक से भिड़ गया। बीच सड़क में ही दोनों में हाथापाई हो गई और सड़क पर जाम लग गया। आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों में बीच- बचाव कराते हुए मामले का निपटारा कराया। इंस्पेक्टर कमल कुमार लुंठी ने बताया कि बाइक सवार युवक गणेशपुर व कार चालक सिविल लाइंस का रहने वाला था।