अमर उजाला, ब्यूरो
रुड़की। जिस प्रेमी युगल की पुलिस तीन दिनों से पश्चिमी उत्तरप्रदेश में तलाश कर रही है, वह कोर्ट में शादी कर चुके हैं। पुलिस को इसकी जानकारी तब लगी जब दोनों की ओर से कोतवाली पहुंचे वकील ने दोनों को सुरक्षा मुहैया कराने के कोर्ट के कागज पुलिस को दिए।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी प्रेमी युगल करीब एक सप्ताह पहले घर से फरार हो गया था। परिजनों ने युवक पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस प्रेमी युगल की पश्चिमी उत्तरप्रदेश में खाक छान रही है। शुक्रवार को इस मामले में नया मोड़ आने पर पुलिस हतप्रभ रह गई। दरअसल, प्रेमी युगल ने कोर्ट में शादी कर ली और शुक्रवार को अपने वकील के जरिये कोर्ट से शादी के कागज व सुरक्षा मुहैया कराने वाले आदेश कोतवाली में पहुंचाए। वहीं, इस सबसे अनजान पुलिस अब भी दोनों की तलाश के लिए पश्चिमी उत्तरप्रदेश में डेरा डाले हुए। इंस्पेक्टर साधना त्यागी ने बताया कि दोनों के कोर्ट में शादी करने व सुरक्षा मुहैया कराने के आदेेश वकील के जरिये मिले हैं। तलाश में गई पुलिस टीम को वापस बुलाया गया है।