ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
परचून की दुकान से सीपीयू ने दो युवकों को मोबाइल चोरी करते रंगेहाथ पकड़ा था। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने शहर में कई वारदात करने की बात स्वीकारी है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रदीप एन्क्लेव निवासी रोहित पुंडीर की घर में ही परचून की दुकान है। बुधवार की दोपहर उनकी पत्नी शिवानी दुकान पर बैठी थी। इस बीच दो युवक पहुंचे और कुछ सामान मांगा। शिवानी दुकान के अंदर चली गई तो दोनों चार्जिंग पर लगा मोबाइल चोरी कर भागने लगे थे। मोबाइल गायब देख शिवानी ने शोर मचा दिया था। उधर, एमएच पर सीपीयू उपनिरीक्षक महिपाल व कांस्टेबल राजकिशोर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने मोबाइल चोरी कर भागे दोनों युवकों को बाइक रोकने का इशारा किया तो दोनों ने बाइक की गति बढ़ा दी। सीपीयू ने दोनों को कुछ दूरी पर ही पकड़ लिया था। सीपीयू ने तलाशी ली तो उनके पास से चोरी का मोबाइल बरामद हुआ था। वहीं, पीछा करते हुए कॉलोनी के लोग और महिला भी पहुंच गई थी। महिला ने दोनों को पहचान लिया था। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मोबाइल चोरी के आरोप में आलम निवासी नूर मस्जिद, मुजफ्फरनगर और नितिन निवासी श्रीराम लीला ग्राउंड, मुजफ्फरनगर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।