अमर उजाला ब्यूरो
झिंझाना (शामली)। झिंझाना पुलिस ने हाईवे स्थित ढाबे से करीब एक करोड़ रुपये के मादक पदार्थ डोडा पोस्त के साथ अंतरराज्यीय गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में तीन आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तार के लिए दबिश दी जा रही है।
बृहस्पतिवार को एसपी अजय कुमार ने झिंझाना थाने में पत्रकारों से वार्ता कर बताया कि बुधवार रात करीब 12 बजे मुखबिर की सूचना पर झिंझाना पुलिस ने मेरठ करनाल हाईवे स्थित गांव केरटू में ढाबे से एक कार और ट्रक को कब्जे में लेकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर कार और ट्रक से भारी मात्रा में डोडा पोस्त के करीब 68 बोरे मिले। जिसमें 20 क्विंटल चार किलो नशीला पदार्थ भरा था। इसके अलावा पकड़े गए पांचों आरोपी अंतरराज्यीय गैंग के सदस्य बताए गए हैं। जिसके नाम कंवर सिंह निवासी अहमदगढ़ थाना झिंझाना, काला उर्फ महबूब निवासी मोहल्ला बाग जानकी दास ईदगाह रोड मुजफ्फरनगर, तनसीर निवासी दूमझेड़ा थाना चिलकाना जिला सहारनपुर, कार चालक मोहम्मद इरफान निवासी मारकन्डा न्यू मेटाटोन कालोनी शाहबाद जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा और ओमप्रकाश निवासी तेवड़ा थाना शाहबाद जिला कुरुक्षेत्र है।
फरार होने वालों में ढाबा संचालक वाहिद निवासी गंगोह जनपद सहारनपुर, डोडा पोस्त सप्लायर मंटू निवासी मोहल्ला आर्यपुरी कस्बा कैराना है। तीसरा आरोपी ट्रक चालक मुनव्वर निवासी गांव पंजीठ ट्रक की चाबी उसी में छोड़कर मौके से फरार हुआ है। एसपी का कहना है कि उत्तर प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में एक साथ नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। बरामद डोडा पोस्त की कीमत एक करोड़ रुपये बताई गई है। एसपी ने थाना प्रभारी ओपी चौधरी समेत पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। इसके अलावा शासन से इनाम की राशि बढ़ाने की संस्तुति कर पत्र भेजा जाएगा।
कई राज्यों में करते थे सप्लाई
एसपी अजय कुमार ने बताया कि डोडा पोस्त के साथ पकड़े गए आरोपी उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों में सप्लाई करने का धंधा कर रहे थे। अन्य प्रदेशों से इनका आपराधिक इतिहास मंगवाया जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मुजफ्फरनगर, शामली, करनाल, सरसावा, यमुनानगर, पंजाब आदि स्थानों पर डोडा सप्लाई किया जा रहा था।