ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
ठेकेदार ने कुछ लोगों पर मारपीट कर 20 हजार की नकदी और सोने की चेन लूटने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। आरोप है कि ठेकेदार के गांव का एक युवक भी मारपीट और लूट में शामिल था। इसके बाद पुलिस ने मामले को रंजिशन मारपीट का मानते हुए जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ढाढेकी गांव निवासी अरविंद कुमार ठेकेदार हैं। तहरीर देकर उन्होंने बताया कि रविवार रात बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही दाबकी मोड़ के पास पहुंचे तो कुछ लोगों ने हथियारों के बल पर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने डरा धमकाकर ठेकेदार की जेब से 20 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली। साथ ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट भी की। अरविंद का कहना है कि इस दौरान उन्होंने एक युवक को पहचान लिया, जो उनके गांव का ही है। इसके बाद किसी तरह बचकर वह घर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को जानकारी दी। अरविंद के अनुसार, गांव के कुछ संभ्रांत लोगों ने मामले का निपटारा करने के लिए पंचायत बुलाई, लेकिन रातभर चली पंचायत के बाद सोमवार सुबह तक भी मामले का निपटारा नहीं हो सका। इसके बाद अरविंद ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि युवक के साथ रंजिश के चलते मारपीट की गई है। मामला लूटपाट का नहीं है।