रुड़की। वन विभाग के अधिकारियों पर फायरिंग करने और पेड़ काटने के मामले में जहां एक ओर वन विभाग के अधिकारियों ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर हमलावर वन तस्करों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं दूसरी ओर कलियर पुलिस ने मोहम्मदपुर पांडा के जंगलों से खैर की लकड़ियों की 26 डाटें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक जल्द आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर धरपकड़ की जाएगी।
गौरतलब है कि बुधवार देर रात करीब एक बजे रुड़की से सटे इब्राहिमपुर के जंगलों में गश्त कर रहे वन विभाग के दरोगा व वन आरक्षी का तस्करों से आमना-सामना हो गया था। तस्कर खैर के पेड़ों को काट कर ले जाने की तैयारी में थे। गश्ती टीम को देखते ही तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी थी। दरोगा करमजीत सिंह ने भी जवाबी फायरिंग की थी। इस दौरान तस्कर कुछ पेड़ों की लकड़ी ले जाने में कामयाब रहे। सूचना पर रुड़की रेंजर मयंक गर्ग समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद बृृहस्पतिवार रात वन विभाग के अधिकारियों ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर दी थी। शुक्रवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दूसरी ओर कलियर थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोहम्मदपुर पांडा के जंगल से खैर के लकड़ियों की 26 डाटें बरामद की हैं। चौकी प्रभारी कुंवर राम आर्य ने बताया कि लकड़ियां बरामद करने की गंगनहर कोतवाली पुलिस को जानकारी दे दी है।