सुल्तानपुर। एंटी माइनिंग टीम ने भोगपुर, कबूलपुरी, रायघटी गांव के पास गंगा तट पर छापा मारा, इस दौरान 3 ट्रक, 2 ट्रैक्टर ट्रालियों को सीज किया गया। 4 लोगों के खिलाफ उपखनिज चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया।
शुक्रवार की रात एंटी माइनिंग की टीम ने अवैध खनन के खिलाफ भोगपुर, कबूलपुरी, रायघटी गांव के पास छापे मारे। इस दौरान टीम ने लक्सर मेटाडोर स्टैंड के पास खनन सामग्री से लदे 3 ट्रकों को कब्जे में लिया। इस दौरान चालक परिचालक सहित 4 लोगों को हिरासत में लिया गया। टीम ने भोगपुर से शाहपुर की ओर जा रही खनन सामग्री से लदी 2 ट्रैक्टर ट्रॉलियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रैक्टर ट्रॉलियों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर ट्रॉलियों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद टीम ने कबूलपुरी, रायघटी गांव के पास खनन सामग्री भंडारण की आड़ में खनन सामग्री खरीदने वाले दो स्थानों पर छापे मारे, इस दौरान मौके पर करीब डेढ़ दर्जन भैंसा बुग्गी खनन सामग्री उतार रहीं थी। टीम की ओर से जब खनन सामग्री के कागजात मांगे गए तो वह कागज नहीं दिखा पाए। लक्सर कोतवाली प्रभारी टीएस राणा ने बताया कि अवैध खनन सामग्री से लदे पकड़ी गई 2 ट्रैक्टर ट्राली और 3 ट्रकों को सीज कर दिया गया है। साथ ही मौके से पकड़े गए ट्रक चालक जावेद और नौशाद निवासी बदायूं यूपी, धर्मवीर निवासी रामपुर तिराहा मुजफ्फरनगर, परिचालक जितेंद्र के खिलाफ उप खनिज चोरी करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब कबूलपुरी, रायघटी में भंडारण की आड़ में अवैध खनन सामग्री खरीदने वाले 2 भंडारण स्वामियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।