ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एक स्कूल की शिकायत पर जब हाईवे पर अतिक्रमण की जांच कराई गई तो पता चला कि खुद स्कूल ने ही हाईवे पर अतिक्रमण कर पार्किंग बना ली है। हलका लेखपाल की जांच में यह मामला सामने के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर स्कूल के अतिक्रमण समेत हाईवे के किनारे सभी अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए हैं।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल ने हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता केे पत्र भेजकर हाईवे किनारे मोहनपुरा पुल से गोदावरी होटल तक सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। पत्र में बताया गया है कि दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर मंगलौर के समीप स्थित सेवंथ डे इंटर कॉलेज प्रबंधन की ओर से 19 जुलाई को पत्र भेजकर शिकायत की गई थी कि स्कूल के बाहर मादक पदार्थ बेच रहे कुछ लोग अतिक्रमण कर रहे हैं। इस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने लेखपाल को मौके पर भेजकर जांच कराई। लेखपाल की रिपोर्ट में बताया गया है कि स्कूल की ओर से पिलर और तारबाड़ कर बच्चों की स्कूटी, साइकिल, मोटरसाइकिल आदि खड़ी कर किए जा रहे अतिक्रमण को कांवड़ मेले से पहले भी हटाया गया था। अब फिर से स्कूल की ओर से हाईवे किनारे वाहन खड़े कर अतिक्रमण किया जा रहा है। इस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को स्कूल के बाहर अतिक्रमण सहित रेलवे फाटक पुल से गोदावरी होटल तक करीब चार किलोमीटर के हिस्से में किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल ने बताया कि एनएच को हाईवे किनारे अतिक्रमण हटाने को कहा गया है।