एंटी माइनिंग टीम की ओर से मारे गए छापों ने एक बार फिर क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन की पोल खुल गई है। टांडा भागमल गांव के पास एक स्टोन क्रशर में छापेमारी के दौरान एक लोडर और 30 भैंसा बुग्गियां अवैध खनन सामग्री में सीज किया। साथ ही क्रशर की फाइलों को खंगाला जा रहा है। क्रशर मालिक के खिलाफ अवैध खनन सामग्री खरीदने की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
शनिवार सुबह एंटी माइनिंग टीम ने पुलिस बल के साथ टांडा भागमल गांव के पास एक स्टोन क्रशर में छापा मारा। इस दौरान करीब 30 भैंसा-बुग्गियां अवैध खनन सामग्री लेकर क्रशर परिसर में खड़ी थी। जबकि एक लोडर खनन सामग्री एकत्रित कर रहा था। टीम के पहुंचते ही अवैध खनन सामग्री लाने वाले लोगों में अफरातफरी मच गई। सभी लोग अपनी-अपनी बुग्गियां छोड़कर फरार हो गए। लोडर चालक भी भाग निकला। टीम नेे क्रशर परिसर से 30 बुग्गियों और लोडर को कब्जे में लिया। उसके बाद क्रशर में फाइलें आदि खंगाली। इस संबंध में भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी आशुतोष चौहान ने बताया कि टांडा भागमल गांव के पास क्रशर में अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी के दौरान 30 बुग्गियों और एक लोडर को पकड़कर भिक्कमपुर चौकी लाकर सीज कर दिया गया है। क्रशर मालिक के खिलाफ अवैध खनन सामग्री खरीदने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही क्रशर से मिली फाइलों की पड़ताल भी की जा रही है। छापेमारी के दौरान एंटी माइनिंग टीम के एसआई प्रशांत बहुगुणा, एसआई राकेश बिष्ट, एसआई एलआईयू विशेष कुमार, एसआई किशन सिंह, कांस्टेबल रवि पंत, संजय पाल व अनिल रावत आदि ने भिक्कमपुर चौकी प्रभारी आशुतोष चौहान के साथ कार्रवाई की।
इनसेट
प्रशासन के दावे खोखले, अवैध खनन जारी
लक्सर। पुलिस और प्रशासन भले ही अवैध खनन पर सख्ती के दावे कर रही हो, लेकिन क्षेत्र की नदियों में अवैध खनन लगातार बदसूरत जारी है।
तहसील क्षेत्र के चारों ओर से नदियां और उसकी सहायक नदियां निकलती हैं। खनन माफिया अपनी मर्जी से जब चाहे नदी में उतर कर इनकी कोख छलनी करने लग जाते हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन कार्रवाई करने के नाम पर लीपापोती कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं। अधिकारी दावा कर रहे हैं बाणगंगा, गंगा, सोलानी और पथरी नदी में अवैध खनन नहीं हो रहा है, लेकिन हकीकत इसके उलट है। एक सप्ताह पहले भी एंटी माइनिंग टीम ने भोगपुर क्षेत्र में छापा मारकर अवैध खनन से भरी कई ट्रैक्टर ट्रालियां पकड़ी थी। क्षेत्र में ही स्थित दो भंडारण के पट्टों पर बुग्गियों से अवैध खनन सामग्री बेचने का मामला भी पकड़ा था। इसके बाद दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। शनिवार को भोगपुर क्षेत्र में 30 से अधिक बुग्गी मालिक एक क्रशर में अवैध खनन सामग्री बेचते पकड़े गए। इससे साफ होता है कि पुलिस व प्रशासन के दावे खोखले हैं। हालत यह है कि शाम ढलते ही माफिया जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रालियां से नदियों में उतर जाते हैं। फिर दिन निकलने तक नदियों को छलनी किया जाता है। इस संबंध में एसडीएम कौस्तुभ मिश्र का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। अवैध खनन करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। पुलिस क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह बिष्ट का कहना है कि अवैध खनन कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। अब फिर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।