ब्यूरो/अमर उजाला, नारसन
नारसन खुर्द में राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव नारसन पुलिस चौकी के सामने रखकर दिल्ली-देहरादून हाईवे पर जाम लगा दिया। साथ ही कार्रवाई की मांग पर हंगामा शुरू कर दिया। हाईवे जाम होता आननफानन में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन जहर देकर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा करते रहे। इसके बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, तब जाकर परिजनों ने जाम खोला।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नारसन खुर्द निवासी चंद्र किरण (40) मुजफ्फरनगर के पुरकाजी कस्बे में राजमिस्त्री हैं। शुक्रवार सुबह वह काम से पुरकाजी गए थे। शाम को लौटते वक्त उनके साथ काम करने वाले व्यक्ति ने परिजनों को सूचना दी कि चंद्र किरण की अचानक तबीयत खराब हो गई है और वह उसे नारसन के एक अस्पताल लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने राजमिस्त्री को हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही राजमिस्त्री की मौत हो गई।
शनिवार दोपहर शव लेकर परिजन नारसन पुलिस चौकी के सामने पहुंचे और दिल्ली-देहरादून हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। गांव से कई ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने जमकर हंगामा करते हुए राजमिस्त्री की हत्या का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि पूछताछ के लिए पुरकाजी कस्बे से चंद्र किरण के साथ काम करने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। अभी तक तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।