ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ग्राम समाज की करोड़ों की जमीन दो ग्रामीणों ने अपने नाम दर्ज करा ली। गांव के ही एक व्यक्ति की शिकायत पर हुई जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया है। मामला लक्सर तहसील क्षेत्र के भोगपुर में ग्राम समाज की भूमि से जुड़ा है। आरोपियों ने 64 बीघा जमीन को आधा-आधा अपने नाम करा लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भोगपुर में ग्राम समाज की करीब 64 बीघा जमीन है। कुछ महीने पूर्व गांव के ही दो लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर ग्राम समाज की जमीन अपने नाम करने की साजिश रची थी। दोनों ने रुड़की के शेरपुर गांव स्थित चकबंदी कार्यालय में जमीन की जानकारी जुटाई। इसके बाद जमीन के फर्जी दस्तावेजों को चकबंदी कार्यालय में जमा करवाकर 32-32 बीघा जमीन अपने नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया शुरू की। कुछ दिन बाद दोनों के नाम यह जमीन कागजों में आधी-आधी दर्ज हो गई।
इसके बाद दोनों ने जमीन पर कब्जा कर लिया। गांव के ही टेकचंद ने मामले की शिकायत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से की थी। जमीन संबंधी प्रक्रिया रुड़की स्थित चकबंदी कार्यालय से जुड़ा होने पर यह मामला सिविल लाइंस कोतवाली भेजा गया था। पुलिस और चकबंदी अधिकारियों ने मामले की जांच की तो दोनों के धोखाधड़ी कर जमीन अपने नाम कराने की पुष्टि हुई। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि लक्सर के गांव भोगपुर निवासी टेकचंद की तहरीर पर गांव के ही सुंदर और राजेश सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी कर ग्राम समाज की जमीन हड़पने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही इस मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी।