ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
सिगरेट पीने का विरोध करने पर दो लोगों ने एक दिव्यांग युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी दिव्यांग गुल्लू पुत्र शौकत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह विगत तीन मई को बसेड़ी अड्डे पर एक दुकान पर कढ़ी चावल खा रहा था। इसी बीच लक्सरी गांव के दो ग्रामीण पहुंचे और सिगरेट पीने लगे। गुल्लू का आरोप है कि उसने खाना खाने की बात कहते हुए उन्हें दूसरी जगह पर जाकर सिगरेट पीने को कहा तो उसके साथ मारपीट की गई। इससे वह घायल हो गया। गुल्लू की तहरीर पर साजिद पुत्र शमशेर और शमीर पुत्र नसीम निवासी लक्सरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।