ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। क्षेत्र के एक गांव में स्थित स्कूल में अपनी सहपाठी छात्राओं के साथ खड़ी कक्षा बारह की छात्रा के साथ बाहर के एक युवक ने स्कूल में घुसकर छेडख़ानी कर दी है। छात्रा के विरोध करने पर युवक ने उसके सिर में चाकू से वारकर उसे घायल कर दिया। स्कूल कर्मचारियों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई करने को तैयारी शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति की पुत्री लक्सर हरिद्वार रोड पर पीपली गांव में स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 12 की छात्रा है। रोजमर्रा की तरह छात्रा शनिवार को भी स्कूल गई थी। इसी बीच एक सिरफिरा युवक दौड़ता हुआ स्कूल के गेट से अंदर घुस गया तथा युवक स्कूल के पीछे स्थित खेल के मैदान में पहुंच गया। सिरफिरे युवक ने स्कूल के खेल के मैदान में अपनी सहपाठी छात्राओं के साथ खड़ी कक्षा 12 की उक्त छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इतना ही नही आरोपी युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया। छात्रा की ओर से विरोध करने पर आरोपी युवक ने उस पर चाकू से वारकर दिया। चाकू लगने से छात्रा के सिर में चोट लगकर घायल हो गए। लेकिन इसी बीच युवक का पीछा करते हुए स्कूल के सुरक्षाकर्मियो ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। छात्रा के परिजन दर्जनों ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंच गए। छात्रा के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल के लिये अस्पताल भेज दिया है। कोतवाल वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई की जा रही है।