ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। एक शिक्षक ने रामनगर कोर्ट में एक अधिवक्ता के साथ गाली गलौज कर मारपीट कर दी। अन्य अधिवक्ताओं ने किसी तरह बीच बचाव कराया। अधिवक्ताओं ने मारपीट करने वालों को शिक्षक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने शिक्षक का चालान कर दिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामनगर कोर्ट में राव बिलावल अधिवक्ता हैं। बुधवार को वह अपने चैंबर से किसी काम से कोर्ट में जा रहे थे। इसी बीच एक शिक्षक ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि शिक्षक ने अधिवक्ता को उसकी पत्नी की पैरवी नहीं करने की धमकी दी। आरोप है कि विरोध करने पर शिक्षक ने अधिवक्ता के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। शिक्षक ने अधिवक्ता के कपड़े फाड़ने का भी प्रयास किया। हंगामा होता देख आसपास के अधिवक्ताओं ने मौके पर पहुंचकर बीच बचाव कराया। साथ ही आरोपी शिक्षक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस बीच अधिवक्ता एकत्रित होकर कोतवाली पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अधिवक्ता राव बिलावल की ओर से शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी राजेश शाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दुर्गा कॉलोनी निवासी विशाल का चालान कर दिया है। इस दौरान कोतवाली पहुंचे अधिवक्ताओं में प्रवीन तोमर, सुशील सैनी, शीतल कालरा, गौरव चौधरी, विनित आदि शामिल रहे।