मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र में जहर खुरानी गिरोह के बदमाशों ने ई-रिक्शा चालक को नशीली दवा मिला हलवा खिला कर उसका ई रिक्शा लूट लिया । चालक को तीन दिन बाद होश आया तबसे उसके परिजन ई रिक्शा लूट की रिपोर्ट लिखाने के लिए कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं।
माहीग्रान बंदा रोड रुड़की निवासी सलमान पुत्र मीर हसन ई रिक्शा चलाता है। 10 जनवरी को रुड़की से दो लोगों ने कंबल बेचने के लिए ई-रिक्शा किराए पर लिया। गंगनहर पटरी पर पहुंच करबदमाशों ने सलमान को गाजर का हलवा खाने को दिया जिसके बाद वह बेसुध हो गया। बाद में बदमाश उसे नहर पटरी पर फेंक कर उसका ई रिक्शा लूट कर भाग निकले। बाद में कुछ लोगों ने 108 सेवा वाहन से उसे रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसे तीन दिन बाद होश आया। होश आने के बाद उसने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी जिसके बाद उसके पिता मीर हसन ई रिक्शा लूट की रिपोर्ट लिखाने के लिए मंगलौर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने मामला गंगनहर कोतवाली का बता कर वहां रिपोर्ट कराने को कह दिया। कोतवाली प्रभारी गिरीश शर्मा का कहना है कि चालक गंगनहर पटरी पर बेहोश मिला था वो गंग नहर कोतवाली में आती है। गौरतलब है इससे पहले नौ जनवरी को जहर खुरानी गिरोह के बदमाशों ने रुड़की के एक ई रिक्शा चालक को नशीला लड्डू खिला कर उसका ई रिक्शा लूट लिया था।