ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एक युवक ने रात में कमरे में घुसकर वहां सो रही भाभी को बुरी नीयत से पकड़ लिया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी ने भाभी के साथ मारपीट कर दी और फरार हो गया। पीड़ित महिला ने पति संग कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर देवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी महिला रविवार को अपने पति संग कोतवाली पहुंची। महिला ने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात वह अपनी बेटी और दो बेटों के साथ कमरे में सो रही थी। रात करीब दस बजे उसका देवर उसके कमरे में घुस आया और उसे बुरी नीयत से पकड़ लिया। आरोप है कि शोर मचाने पर बच्चों को मारने की धमकी देने लगा। साथ ही दुष्कर्म करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी और फरार हो गया। इसी दौरान आंगन में सो रहे पति की आंख खुल गई। महिला ने पति को आपबीती बताई। महिला के पति ने छोटे भाई की करतूत सुनकर उसकी रात में ही गांव में तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। आरोप है कि रविवार सुबह आरोपी घर पहुंचा और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित महिला ने कोतवाली पहुंचकर देवर के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।