रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने जौरासी गांव में छापेमारी कर करीब 40 किलो गोमांस बरामद किया है। जबकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गोमांस को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए लैब भेज दिया है। जबकि मौके से बरामद एक गाय को गौशाला भिजवा दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली थी जौरासी गांव में कि कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, एसएसआई अभिनव शर्मा तत्काल पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और एक मकान में छापेमारी की। पुलिस को देख दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मौके से करीब 40 किलो गोमांस और एक गाय को भी बरामद किया है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि गाय को गौशाला में भिजवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि गोकशी करने वाले दोनों आरोपी जौरासी गांव निवासी नूर मोहम्मद उर्फ मोटा और रियाजुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।