ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
गदरजुड्डा निवासी बुजुर्ग महिला की हत्या उसके रिश्ते के पोते ने ही की थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने शराब के नशे में दादी को बुरी नियत से दबोच लिया था। विरोध करने पर उसने वृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उधर, पोते की इस हरकत से परिवार वालों के साथ ही गांव के लोग भी हैरान हैं।
रविवार को सिविल लाइंस कोतवाली में प्रेसवार्ता कर एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम गदरजुड्डा निवासी बुजुर्ग महिला लल्ली देवी (65) लापता हो गई थीं। उनकी मंगलौर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे महिला का शव खेत में मिला था। महिला के चेहरे और गले पर चोट के निशान थे। एसपी देहात ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और परिजनों के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस को मृतका के रिश्ते के पोते सतपाल पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
सख्ती से पूछताछ में वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने शराब पी थी। उसकी दादी जब जंगल में लकड़ी लेने गई थीं तो वह उसके पीछे चला गया। नशे में उसने दादी को बुरी नियत से दबोच लिया। इस पर दादी ने उसके सिर पर दरांती से हमला कर दिया। इसके बाद उसने वृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह सीधे झोलाछाप डॉक्टर के पास पहुंचा और पट्टी कराई। एसपी देहात ने बताया कि मृतका के परिजनों को भी घटना से संतुष्ट करा दिया गया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे में शामिल पुलिस टीम को एसएसपी रिधिमा अग्रवाल ने ढाई हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है।
तीन लोगों का होगा पॉलीग्राफी टेस्ट
सीओ मंगलौर मनोज कत्याल ने बताया कि वृद्धा की हत्या से पूर्व छह माह पहले उनके बेटे सुबोध की भी हत्या की गई थी। उस दौरान पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था, लेकिन अभी तक घटना में शामिल आरोपियों का पता नहीं लग पाया है। उन्होंने बताया कि शक के आधार पर गांव निवासी तीन लोगों का दिल्ली में पॉलीग्राफी टेस्ट कराया जाएगा। तीनों लोगों के पॉलीग्राफी टेस्ट के लिए अनुमति भी मिल गई है। जल्द ही तीनों लोगों को दिल्ली ले जाकर टेस्ट कराया जाएगा।