मंगलौर। उत्तम शुगर मिल में एक ट्रैक्टर चालक पर फायर झोंकने का मामला सामने आया है। गोली चालक के पेट को छूकर निकल गई। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे उत्तम शुगर मिल में ब्रह्मपुर निवासी राजीव का एक अन्य युवक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है इसी बीच आरोपी ने तमंचा निकालकर राजीव पर फायर झोंक दिया। गोली राजीव के पेट को छूकर निकल गई। उसके बाद राजीव कोतवाली पहुंचे और अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। उसके बाद पुलिस ने घायल को मेडिकल करने के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र शर्मा का कहना है कि घायल की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया घायल राजीव मिल के तौल सेंटर पर ट्रैक्टर चलाता है। बताया जा रहा है कि घायल की आरोपी के साथ काफी समय से रंजिश चली आ रही है।