ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की/मंगलौर
पुलिस ने आईपीएल में सट्टा लगाते हुए पांच सटोरियों को पकड़ा है। सटोरियों के कब्जे से पुलिस ने एक लाख से अधिक रुपये बरामद किए हैं। मौके से पुलिस ने एक टीवी तथा सट्टा पर्ची भी सटोरियों से बरामद की है। एसपी देहात ने यह जानकारी दी।
एसपी देहात नवनीत सिंह ने रुड़की तहसील स्थित कार्यालय में प्रेसवार्ता कर आईपीएल मैच में सट्टा लगाने वाले गिरफ्तार किए गए पांच सटोरियों के बारे में बताया। उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि सोमवार देर रात मंगलौर पुलिस को क्षेत्र में आईपीएल मैच के लिए बड़ी मात्रा में सट्टा खेले जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर हैदरी चौक स्थित एक दुकान पर छापा मारा गया, जहां दुकान का शटर बंद कर कुछ लोग आईपीएल के मैच पर सट्टेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने दुकान में मौजूद सभी लोगों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक लाख एक हजार दस रुपये की रकम बरामद हुई है। सटोरियों द्वारा कॉपी में मैच में बनाए जाने वाले रन व गिरने वाले विकेटों पर लगे सट्टे को दर्ज किया जा रहा था, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए सटोरियों में मोहल्ला हल्का निवासी शहजाद पुत्र अमीर हसन उर्फ मीरा मोहल्ला मिर्दगान निवासी रियासत पुत्र शराफत सैनीपुरा निवासी मुरसलीन पुत्र सलीम मोहल्ला हल्का निवासी शफीक उर्फ जुलु नफीस तथा बाहर किला निवासी सलमान पुत्र भूरा शामिल हैं। सटोरियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान, एसएसआई चंद्रमोहन सिंह, एसआई शहजाद अली, एएसआई लोकपाल परमार, राहुल नेगी, लाल सिंह व प्रभाकर हसन जैदी शामिल थे।