ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
साप्ताहिक पैठ बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे दो सगे भाइयों को दूसरे पक्ष के चार दबंगों ने डंडों से पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। शोर शराबा सुनकर मौके पर आए ग्रामीणों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के निरंजनपुर गांव निवासी अखिलेश और रामकुमार पुत्रगण सुरेश रविवार को घर का सामान खरीदने के लिए पैठ बाजार गए थे। लौटते वक्त रास्ते में गांव के ही चार दबंगों ने उनके साथ गाली गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर आरोपी हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने रायसी चौकी पहुंचकर घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया। उधर, रायसी चौकी की दरोगा वंदना अग्रवाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।