ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
दहेज में दो लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने चार लोगों के साथ मिलकर विवाहिता के साथ गैंगरेप कर डाला। यही नहीं आरोपियों ने घटना का जिक्र किसी से करने पर विवाहिता को जान से मारने की भी धमकी दी और कमरे में बंधक बना दिया। आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। लिहाजा पीड़िता के परिजनों ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया था। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति, सास और नंदोई समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश सहारनपुर जिले के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल वाले शादी के बाद से ही विवाहिता को कम दहेज लाने के लिए ताने मार रहे थे। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार विवाद भी हुआ, लेकिन बाद में दोनों पक्षों की पंचायत कर मामले को निपटा दिया गया। आरोप है कि 19 मार्च 2018 को सास ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर विवाहिता को खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
इसके बाद सास उसे एक घर में ले गई, जहां पति, दो नंदोई और दो अन्य लोगों ने विवाहिता से गैंगरेप किया। होश में आने पर उसने परिजनों को सूचना दी। इस परिजन ससुराल पहुंचे और उसे मायके ले आए। आरोप है कि इसके बाद पीड़िता के परिजन शिकायत करने कोतवाली पहुंचे, लेकिन यहां मुकदमा दर्ज नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। 25 सितंबर को कोर्ट का आदेश आने के बाद पुलिस ने आरोपी पति, सास और नंदोई समेत आठ के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।