लक्सर। मातृसदन के नाम पर खनन कारोबारियों से अवैध वसूली करने के आरोपी नीटू से संस्था ने पल्ला झाड़ लिया है। बुधवार को आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मातृसदन आरोपी के पक्ष में बयान दे रहा था, लेकिन गुरुवार को संस्था ने नीटू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पथरी थाना क्षेत्र के शाहपुर शीतला खेड़ा गांव निवासी नीटू पुत्र ईश्वर के खिलाफ भोगपुर के बालाजी स्टोन क्रेशर के स्वामी से रंगदारी मांगने व उनके कार पर पथराव करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद मातृसदन ने नीटू को झूठा फंसाने का आरोप क्रेशर मालिक पर लगाया। बृहस्पतिवार को मातृसदन के ब्रह्मचारी दयानंद ने बताया कि नीटू लगभग तीन साल पहले मातृ सदन में आया था तथा उसमें लक्सर तहसील क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन में मातृसदन का सहयोग करने की बात कही थी। इतना ही नहीं नीटू की दी सूचना पर मातृसदन ने प्रशासन से शिकायत कर अवैध खनन के कई मामले पकड़वाए थे। नीटू की शिकायत पर कार्रवाई होने के बाद स्टोन क्रेशर संचालक व अवैध खनन कारोबारी डरने लगे थे। इसी का फायदा उठाते हुए तहसील क्षेत्र में अवैध खनन कारोबारियों से अवैध वसूली शुरू कर दी थी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि मातृ सदन का नीटू के साथ और कोई वास्ता नहीं है। जो स्टोन क्रेशर स्वामी व अवैध खनन कारोबारी नीटू को पैसा देते थे, उनके खिलाफ भी पुलिस को सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।